
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे में देशभर के मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से कराए गए सर्वे में धामी को 1000 में से 881 अंक मिले हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने इस उपलब्धि को धामी सरकार के सुशासन, प्रभावी नेतृत्व और पारदर्शी प्रशासनिक कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
सर्वे में 10 प्रमुख मानकों और तीन चरणों वाली प्रक्रिया के आधार पर मुख्यमंत्रियों का आकलन किया गया। उत्तराखंड में सख्त मतांतरण कानून, नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जैसे फैसलों को मुख्यमंत्री की अलग पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके अलावा धार्मिक पर्यटन, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया गया है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार की ओर से युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही योजनाएं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने 7,844.18 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट को भी विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।







