कालीदास रोड स्थित एसजीआरआर पब्लिक स्कूल में गुरुवार को ‘स्वच्छ भारत अभियान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय परिसर में सफाई अभियान में भाग लिया और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जीवन, विचार और व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए और इसे केवल अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को विशेष महत्व दिया था। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया। उन्होंने कहा कि घर और आसपास के वातावरण की स्वच्छता के साथ मन और विचारों की स्वच्छता भी जरूरी है।
गणेश जोशी ने कहा कि विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद मोहन बहुगुण, प्रधानाचार्य अरुण सक्सेना, उप प्रधानाचार्य अभिनव मदवाल, भावना बिष्ट समेत शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







