प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को सितंबर माह का वेतन-पेंशन अग्रिम रूप से देने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने 26 सितंबर तक सभी कर्मचारियों और पेंशनरों को सितंबर 2026 के वेतन और पेंशन का भुगतान करने को कहा है। इससे बैंक हड़ताल के दौरान भुगतान प्रभावित होने की आशंका से पेंशनरों और कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इस दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने वेतन और पेंशन का भुगतान निर्धारित समय से पहले करने का निर्णय लिया है।
प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने 25 सितंबर को सभी जिलाधिकारियों के साथ कोषागार तथा पेंशन एवं हकदारी निदेशक को इस संबंध में निर्देश जारी किए। आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार के सभी कार्मिकों और पेंशनरों को सितंबर 2026 के वेतन-पेंशन का भुगतान 26 सितंबर तक सुनिश्चित किया जाए।
अक्टूबर के भुगतान में होगा समायोजन
आदेश में कहा गया है कि पूरे माह के वेतन-पेंशन का निर्धारण करने के बाद यदि किसी कर्मचारी या पेंशनभोगी के भुगतान में किसी तरह के समायोजन की आवश्यकता होती है तो उसका समायोजन अक्टूबर 2026 के वेतन-पेंशन में किया जाएगा। संबंधित लेखांकन प्रक्रिया भी नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।






